क्षतिग्रस्त रानीखेत-पंतकोटली सड़क।
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत-पंताकोटली मोटर मार्ग दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है। सड़क काफी संकरी है। इसके बावजूद तीव्र मोड़ों पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। जगह-जगह क्षतिग्रस्त इस सड़क पर बचाव के लिए क्र श बैरियर नहीं लगाए गए हैं। जबकि इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों वाहन होकर गुजरते हैं। पहले इस सड़क पर कई वाहन दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
रानीखेत-पंतकोटली मोटर मार्ग आजादी से पूर्व बदरीनाथ धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों का पैदल रास्ता हुआ करता था। धीरे-धीरे इस क्षेत्र में बसासत बढ़ती गई और किलकोट, पंतकोटली, ग्वाड़ स्टेट सहित तमाम गांवों को जोड़ने के लिए इस मोटर मार्ग का निर्माण किया गया, लेकिन यह सड़क बेहद संकरी है। वाहन एक दूसरे को पास नहीं दे सकते हैं। मोड़ खतरनाक हैं। ग्रामीणों का मुख्य बाजार रानीखेत होने के कारण लोग जान हथेली पर रखकर प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर चौपहिया वाहनों से रानीखेत पहुंचते हैं।
मार्ग की देखरेख का जिम्मा रानीखेत लोनिवि निर्माण खंड के पास है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए अभी कोई प्रस्ताव नहीं है। बताया जा रहा है कि सड़क मंडी परिषद द्वारा बनाई गई थी। संकरा होने के बाद भी इस पर न तो क्रश बैरियर लगे हैं और न ही मोड़ों को ठीक किया गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क को ठीक करने की मांग की है। लोनिवि निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एमसी जोशी ने बताया कि इसकी मरम्मत के लिए सड़क सुरक्षा के तहत प्रस्ताव भेजा गया है। इसमें अभी बजट नहीं मिल पाया है।