जिला क्रिकेट लीग
रानीखेत क्रिकेटर्स के सागर रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट झटके
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ अल्मोड़ा की ओर से नर सिंह मैदान में चल रही सीनियर पुरुष जिला क्रिकेट लीग के दूसरे लीग मुकाबले में रानीखेत क्रिकेटर्स की टीम ने सर्विसेज अल्मोड़ा क्लब को 176 रनों से हराया।
रानीखेत क्रिकेटर्स ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और 36.3 ओवर में 271 रन बनाए। शुभम बिष्ट ने 83 गेंदों में 74 रनों की पारी खेली जबकि हिमांशु तिवारी ने 42 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अल्मोड़ा सर्विसेज क्लब की टीम 16.4 ओवर में 95 रन बनकर ऑलआउट हो गई। सर्विसेज अल्मोड़ा के लिए राजेंद्र बिष्ट ने 65 गेंदो में 51 रन बनाए। रानीखेत क्रिकेटर्स के सागर रावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट झटके।
इससे पूर्व रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जयंत रौतेला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। सौरभ बिष्ट और रितिक अधिकारी निर्णायक और नवीन ने स्कोरर की भूमिका निभाई। वहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ अल्मोड़ा के अध्यक्ष हरीश मनराल, उपाध्यक्ष हेमंत बिष्ट, सचिव हर्ष गोयल, संरक्षक संजय मेहरा एवं सदस्य पंकज जोशी, दीप उपाध्याय, दीपक मेहरा आदि थे। बुधवार को मेहरा स्पोर्ट्स एकेडमी और बसभीड़ा स्पोर्ट्स क्लब के बीच मुकाबला होगा।
फोटो: 04 आरकेटी 03पी: नरसिंह मैदान में अतिथियों के साथ क्रिकेट खिलाड़ी।