मंगलवार की रात मौसम ने अचानक करवट बदली और चौबटिया में हल्की बारिश के बाद बर्फबारी शुरू हो गई। पर्यटन नगरी के ऊंचाई पर स्थित इस क्षेत्र में करीब डेढ़ इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। हालांकि रानीखेत नगर में भी हल्की बर्फबारी हुई, लेकिन बारिश के कारण बर्फ टिक नहीं पाई। अब पूरे क्षेत्र में शीतलहर चल रही है।
रात में कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मंगलवार की रात रानीखेत, चौबटिया, कुंपुर लालकुर्ती, पांडवखोली, भटकोट की ऊंची पहाड़ियों पर जमकर हिमपात हुआ। रानीखेत नगर में भी बर्फ गिरी, लेकिन बारिश के कारण टिक नहीं सकी। अलबत्ता पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है।
भयंकर ठंड के चलते लोग परेशान हैं, नगर में अलाव की व्यवस्था भी नहीं की गई है। लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ी। कई लोग लकड़ी की पेटियां जलाकर ठंड दूर करते देखे गए। चौबटिया क्षेत्र में फिर से जमकर हिमपात हुआ। यहां डेढ़ इंच बर्फ रिकॉर्ड की गई।
चिलियानौला, ताड़ीखेत आदि स्थानों पर तेज बौछारों के साथ बारिश हुई। जिसके चलते किसानों के चेहरे खिल उठे। सितंबर महीने के बाद इस साल जनवरी 19 को बारिश हुई। हालांकि तेज बारिश तो नहीं थी, फिर भी लोगों को सूखी ठंड से निजात मिलती दिख रही है।