31 जनवरी को जयपुर राजस्थान में हुई 27वीं राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए रानीखेत के खिलाड़ियों का प्रदर्शन दमदार रहा है। यहां के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, तीन रजत पदक जीते।
ऑल इंडिया कराटे डू फेडरेशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम के कप्तान रानीखेत के नीलेश जोशी ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता है। फेडरेशन के महासचिव राष्ट्रीय रेफरी, कोच सतीश जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी राज्यों के 14 सौ कराटे खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
उत्तराखंड के हिस्से में एक स्वर्ण सहित कुल नौ पदक आए। जिनमें से चार पदक रानीखेत के खिलाड़ियों ने जीते हैं। इनमें से विवेकानंद विद्या मंदिर की छात्रा पायल बिष्ट, अशोका हाल गर्ल्स स्कूल मजखाली की छात्रा सिमरन छाबड़ा ने पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर रजत पदक जीता। ममता रावत ने भी रजत पदक जीता है। उन्होंने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों का शीघ्र ही सम्मान समारोह होगा।
उन्होंने बताया कि जिला क्रीड़ा अधिकारी राशिका सिद्दीकी, पूर्व विधायक करन माहरा, अतुल जोशी, पत्रकार नंदकिशोर गर्ग, हाकी संघ के अध्यक्ष अगस्त लाल शाह, हरीश मनराल, पूरन जोशी आदि ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।