नवरात्र शुरू होने के साथ ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार से रामलीला भी शुरू हो गई हैं। दूसरी तरफ नगर में दशहरा महोत्सव की तैयारियां चल रही हैं। नगर में विभिन्न स्थानों में रावण परिवार के करीब डेढ़ दर्जन पुतले बनने लगे हैं।
नवरात्र शुरू होते ही नगर में हुक्का क्लब, नंदादेवी, धारानौला, राजपुर, खत्याड़ी, एनटीडी, कर्नाटकखोला, सरकार की आली आदि स्थानों में रामलीला का मंचन शुरू हो रहा है। वहीं विभिन्न रामलीला कमेटियों की ओर से वरिष्ठ और युवा कलाकारों द्वारा पुतला निर्माण का काम भी शुरू कर दिया गया है। हुक्का क्लब, जौहरी बाजार, थाना बाजार, कचहरी बाजार, राजपुर, नंदादेवी, लाला बाजार, चौघानपाटा आदि स्थानों में रावण परिवार के पुतले बनने शुरू हो गए हैं। जिन्हें विजयादशमी के दिन विभिन्न बाजारों में घुमाते हुए स्थानीय स्टेडियम में दहन कर दिया जाएगा।