विश्व पर्यावरण दिवस पर स्कूली बच्चों ने विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली। रैली में छात्र-छात्राएं लोगों से अधिक पौधे लगाने, पालीथिन का उपयोग नहीं करने की लोगों से अपील कर रहे थे। गोष्ठियों में वक्ताओं ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण संरक्षित रह सकेगा।
शिखर तिराहे से विधायक मनोज तिवारी ने वन विभाग द्वारा निकाली गई रैली को रवाना किया। रैली विभिन्न मार्गों से होकर वन चेतना केंद्र एनटीडी पहुंचकर समाप्त हुई। वहां डीएफओ प्रेम कुमार भी थे। होली एंजिल पब्लिक स्कूल की रैली को चौघानपाटा से प्रधानाचार्य गोपाल कृष्ण बागी ने रवाना किया। बच्चे ‘पेड़ लगाओ पर्यावरण बचाओ’ आदि नारे लगा रहे थे। स्प्रिंग डेल्स स्कूल के बच्चों ने रैली निकाली। स्कूल में कला प्रतियोगिता हुई।
सीएम मेमोरियल, जीआईसी, सेंट एग्नेस, जीआईसी शीतलाखेत, नैंसी कालेज ऑफ नर्सिंग, न्यू मॉडर्न पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी रैली निकाली। डायट में प्रशिक्षुओं की प्रतियोगिताएं हुईं। एआईसी में एनएसएस स्वयंसेवकों ने सफाई अभियान चलाया। गोष्ठी में प्रधानाचार्य डा. मदन मोहन साह, उप प्रधानाचार्य सुदर्शन लाल साह, प्रवक्ता मनमोहन चौधरी आदि ने विचार रखे। एसएसजे परिसर शिक्षा संकाय में पौधे लगाकर गोष्ठी हुई।
विभागाध्यक्ष प्रो. एनसी ढौंढियाल, जंतु विज्ञान की विभागाध्यक्ष डा. इला बिष्ट ने कहा कि पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण कर प्रकृति को ग्लोबल वार्मिंग से बचाया जा सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आर्य कन्या इंटर कालेज में लगाए गए विधिक साक्षरता शिविर में सचिव रीना नेगी, प्रधानाचार्या पंकज लता साह आदि ने विचार रखे।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में परिसर में बांज, सिल्वर ओक, देवदार, सुरई आदि के पौधे रोपे। वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. हेमा जोशी आदि ने विचार रखे। उधर पार्वती कान्वेंट पब्लिक स्कूल धौलछीना के बच्चों ने प्रधानाचार्य विनोद मेहरा के नेतृत्व में रैली निकाली।