राखी का लिफाफा दिखातीं डीएलएड प्रशिक्षत। सवांद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
अल्मोड़ा। डीएलएड कर चुके प्रशिक्षित बेरोजगारों को अब तक नियुक्ति नहीं मिलने पर उत्तराखंड द्विवर्षीय डायट डीएलएड संगठन में नाराजगी है। शुक्रवार को संगठन की महिलाओं ने डाक के माध्यम से शिक्षामंत्री के लिए राखियां भेजकर नियुक्ति की मांग उठाई है। उनका कहना है कि उम्मीद है शिक्षामंत्री एक भाई की तरह उन्हें रक्षाबंधन पर निराश नहीं करेंगे।
उनका कहना है कि सरकार की ओर से जारी राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करके लगभग 550 प्रशिक्षितों को राज्य सरकार ने राजकीय डायट में प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के लिए दो वर्ष का प्रशिक्षण पूरा करा। प्रशिक्षण समाप्त होने के आठ माह बाद भी प्रशिक्षित बेरोजगार है। वह लगातार नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। पर अब तक कुछ नहीं हो सका है। इसके चलते अब संगठन की महिलाओं ने मांग के लिए नया रास्ता अपनाया है। महिलाओं ने शुक्रवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री को राखी भेजकर जल्द नियुक्ति दिलाने की मांग उठाई है। प्रशिक्षित महिलाओं ने डाकघर में स्पीडपोस्ट के माध्यम से राखियां भेजी हैं। इस मौके पर दिव्या तिवारी, कविता गैड़ा, हेमा, मुनाज अंसारी, ज्योति आदि रहे।
बागेश्वर में उत्तराखंड डायट डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के आह्वान पर महिला डीएलएड प्रशिक्षित आरती, प्रियंका, भावना ने शुक्रवार को डाकघर के माध्यम से शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे को राखी भेजी। बताया कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की ओर से वर्ष 2017 में आयोजित प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर 550 प्रशिक्षितों ने दो साल का प्रशिक्षण पूरा कर लिया है। इसके आठ महीने के बाद भी प्रशिक्षितों को नियुक्ति नहीं मिल पाई है।