अल्मोड़ा। महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली समेत अन्य राज्यों के रेड जोन वाले जिलों से आने वाले प्रवासियों को अल्मोड़ा में ही संस्थागत क्वारंटीन किया जाएगा। दूसरे राज्यों के ऑरेंज, ग्रीन जोन से लौटने वालों को थोड़ी राहत देते हुए, उन्हें होम क्वारंटीन या गांवों के ही स्कूलों आदि में क्वारंटीन किया जाएगा। रेड जोन या कंटेंटमेंट जोन से आए लोगों पर कड़ी नजर रखी जा सके, इसलिए इन्हें संस्थागत क्वारंटीन ही किया जाएगा।
एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि रेड जोन चिह्नित राज्यों, क्षेत्रों से आने वाले प्रवासियों को अब सीधे संस्थागत क्वारंटीन भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन दिनों लगातार बढ़ रहे पॉजिटिव केसों को देखते हुए संस्थागत क्वारंटीन का निर्णय लिया गया है। मुंबई, पुणे, नासिक, थाणे, चेन्नई, अहमदाबाद, जयपुर, जोधपुर, आगरा, सूरत, कोलकाता, इंदौर, भोपाल, करनूल आदि जिलों से आने वाले लोगों को सीधे ही संस्थागत क्वारंटीन किया जाएगा। शनिवार को रेड जोन से आने वाले 42 प्रवासियों को संस्थागत क्वारंटीन किया गया है। ऑरेंज एवं ग्रीन जोन से आने वाले लोगों को गांवों के ही स्कूलों, पंचायत घरों आदि में क्वारंटीन किया जा रहा है।
आठ बसों से 248 प्रवासी लौटे अल्मोड़ा
अल्मोड़ा। शनिवार को अल्मोड़ा में अन्य राज्यों और जिलों से आठ बसों में 248 प्रवासी लौटे। नोडल अधिकारी एसके उपाध्याय ने बताया कि महाराष्ट्र से 48, गुजरात से 30 समेत यूपी, दिल्ली, पंजाब, ऊधमसिंह नगर, देहरादून आदि स्थानों से कुल 248 प्रवासी लौटे हैं। इन सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। लौटने वाले क्षेत्र के जोन के आधार पर इन्हें संस्थागत, होम क्वारंटीन किया गया।