पिछली बरसात में बारिश नहीं होने के कारण सब्जी के दाम काफी बढ़ गए थे, लेकिन इस बार अधिक बारिश ने सब्जी का जायका बिगाड़ दिया है। अधिक बारिश के कारण सब्जी का उत्पादन प्रभावित हुआ है। नतीजा यह है कि इन दिनों सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। यह पहली बार हुआ जब बरसात में बहुतायत होने वाला कद्दू सबसे अधिक 80 रुपये किलो के भाव बिक रहा है। पहाड़ी लौकी और बीन 60 रुपये किलो जबकि करेला और शिमला मिर्च भी 80 रुपये किलो बिक रही है। जिससे यह सब्जियां आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गई हैं।
लोग उम्मीद कर रहे थे कि बरसात में सब्जियों के दाम कम हो जाएंगे, लेकिन बीते दिनों लगातार बारिश के कारण सब्जी खराब हो गई। जिससे बाजार में सब्जी काफी कम आ रही है। स्थिति यह है कि इस सीजन में बहुतायत होने वाला कद्दू सबसे महंगे दामों में बिक रहा है। पिछले कई दिनों से कद्दू के दाम 80 रुपये किलो से नीचे नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा पहाड़ी करेला और शिमला मिर्च भी 80 रुपये किलो जबकि बीन, बैगन और लौकी 60 रुपये किलो के भाव बिक रही है। पिछले तीन-चार दिनों में भिंडी के दाम कुछ नीचे आए हैं और भिंडी 60 से उतरकर 40 रुपये किलो के भाव बिक रही है। पहाड़ी आलू भी इन दिनों 30 रुपये किलो रुपये से नीचे नहीं बिक रहा है। सिर्फ प्याज ने लोगों को राहत दी है जो इन दिनों 20 रुपये का सवा किलो के हिसाब से बिक रहा है।
यहां चौक बाजार में सब्जी की दुकान चलाने वाले तारा चंद्र कांडपाल ने बताया कि मौसम की मार के कारण सब्जियों का उत्पादन काफी घटा है। जो काश्तकार क्ंिवटल के हिसाब से सब्जी लाते थे वह बाजार में 10-15 किलो सब्जी ला रहे हैं। आगे मौसम ठीक रहा तो आने वाले दिनों में दामों में कुछ गिरावट आ सकती है। हालांकि मैदानी क्षेत्र में पैदा होने वाली लौकी 30 रुपये, करेला 40 रुपये, कद्दू 30 रुपये, बैगन 40 रुपये और ककड़ी 30 रुपये किलो के हिसाब से बिक रही है।