अल्मोड़ा। मटेला पंपिंग क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करने वाली 33केवी विद्युत लाइन में फाल्ट आने से दूसरे दिन भी एक पंप से पंपिंग ठप रही। इससे एनटीडी हैलेड जलाशय को जलापूर्ति नहीं हो सकी। इसके चलते इस जलाशय से जुड़े क्षेत्र में पानी आपूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
33केवी विद्युत लाइन में सोमवार को फाल्ट आ गया था। एनटीडी हैलेड से जुड़े पंप में मंगलवार को भी सुधारीकरण कार्य किया गया। इस कारण इस जलाशय से जुड़े ढूंगाधारा, धारानौला सहित अन्य मोहल्लों में जलापूर्ति बाधित रही। पानी नहीं आने से लोगों को परेशानियों का सामना पड़ा। कई लोगों का स्टोर किया गया पानी भी खत्म हो गया। इसके चलते उन्हें अधिक दिक्कतों से जूझना पड़ा।
कई लोगों ने बाजार से बोतल बंद पानी खरीदकर काम चलाया। बारिश के दौरान लोगों को नौलों से भी पानी लाने में दिक्कतों से जूझना पड़ा। अनिल कुमार, संतोष सिंह ने बताया कि बारिश के बाद भी पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि कभी बारिश में सिल्ट आने से जलापूर्ति ठप रहती है तो कभी बिजली लाइन में फाल्ट आने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कोट
मटेला पंपिंग क्षेत्र को बिजली आपूर्ति करने वाली 33केवी विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया था। मंगलवार को सुधारीकरण कार्य किया गया। इससे हैलेड जलाशय को जलापूर्ति नहीं हो सकी।- अर्जुन सिंह नेगी, जेई जल संस्थान अल्मोड़ा