भतरौंजखान में जुलूस निकालते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
भतरौंजखान को नगर पंचायत का दर्जा देने के खिलाफ लोग विरोध पर उतर आए हैं। बुधवार को ग्राम सभा भतरौंज और ग्रामसभा दन्पौ के ग्रामीणों ने नगर में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और नगर पंचायत के गठन का विरोध किया। जुलूस में अधिकांश महिलाएं शामिल थीं।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जनभावनाओं को दरकिनार कर जबरन नगर पंचायत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं भतरौंज ग्राम सभा के निवासियों ने कहा कि वह नैनीताल जिले से अपना अस्तित्व मिटा कर किसी भी कीमत पर नगर पंचायत में शामिल नहीं होंगे।
वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की 80 प्रतिशत से अधिक जनता खेती और मजदूरी करके अपना जीवन यापन कर रही है। ऐसे में लोग नगर पंचायत में शामिल होने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि नैनीताल जिले के गांव को अल्मोड़ा में शामिल किया जाना भी उचित नहीं है। भतरौंज और दन्पो के ग्राम प्रधानों ने भी एकमत होकर नगर पंचायत में शामिल होने का विरोध किया और व्यापक आंदोलन की धमकी दी।