अल्मोड़ा। कोसी कटारमल निवासी गर्भवती महिला की मौत के बाद से विभिन्न संगठनों में भारी रोष है। सोमवार को विभिन्न संगठनों ने चौघानपाटा में प्रदर्शन कर स्वास्थ्य विभाग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने सीएम को ज्ञापन भेजकर दोषियों को सजा और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। एक सप्ताह के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी गई। उधर धर्म निरपेक्ष युवा मंच के नेतृत्व में कटारमल क्षेत्र से आए ग्राम प्रधानों ने पीएमएस का घेराव किया।
चौघानपाटा में हुई विभिन्न संगठनों की सभा में वक्ताओं ने कहा कि पिछले बृहस्पतिवार को कोसी कटारमल निवासी गर्भवती आशा देवी पत्नी मुन्ना सिंह को कोरोना के नाम पर समय रहते उपचार नहीं मिल पाया। वह नगर के तीन अस्पतालों में चक्कर काटती रही, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। जिला मुख्यालय में इस तरह महिला को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाना बहुत गलत है।
मौके पर पहुंची नायब तहसीलदार मनीषा के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेज मामले में दोषियों को कड़ी सजा देने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर सप्ताह भर बाद लोगों ने सड़कों में उतरकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वहां दिनेश जोशी, मनोज बिष्ट भय्यू, बार एसोसिएशन के उपसचिव दीप चंद्र जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह, व्यापार मंडल नेता दीप जोशी, भानुप्रकाश जोशी, त्रिलोचन जोशी, केवल सती, देवेंद्र बिष्ट, आशीष जोशी, राहुल बिष्ट, मनोज सनवाल आदि थे।
प्रधानों ने किया पीएमएस का घेराव
अल्मोड़ा। धर्म निरपेक्ष युवा मंच के नेतृत्व में कटारमल क्षेत्र से पहुंचे कई ग्राम प्रधानों ने जिला अस्पताल के पीएमएस का घेराव किया। उन्होंने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने एआडीएम सीमा विश्वकर्मा से भी मुलाकात करके मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की। युवा मंच ने सरकार से कोरोना के साथ अन्य बीमारियों में भी गंभीरता से मरीजों की देखरेख की मांग की। वहां मंच संयोजक विनय किरौला, सुंदर लटवाल, ग्राम प्रधान प्रधान बलदेव बिष्ट, प्रेमा देवी, ममता आर्या, किसन बिष्ट, तेज सिंह कनवाल, पवन मुस्यूनी, विनोद मुस्यूनी, सुंदर लटवाल, धीरज कुमार, पंकज कुमार, निरंजन पांडेय, दीपक बिष्ट, सुंदर लटवाल, पंकज नेगी, हरीश लटवाल, भास्कर कुमार, तेज सिंह कनवाल, प्रेम सिंह लटवाल, कमलेश जोशी, भगवंत सिंह, नंदन सिंह, बच्चन सिंह लटवाल आदि थे। संवाद
कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस करेगी आंदोलन: तिवारी
अल्मोड़ा। पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले में रोष जताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से स्थानीय लोग शहर की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं का दंश झेल रहे हैं। सेवाओं के अभाव में मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज करवाना पड़ता है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में कोसी-कटारमल निवासी गर्भवती पत्नी आशा देवी को भी जान गवानी पड़ी। इस दौरान उन्होंने प्रकरण में लिप्त डॉक्टर और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। शीघ्र कार्रवाई नहीं होने कांग्रेस पार्टी द्वारा जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने की चेतावनी दी। संवाद