अल्मोड़ा। स्टेट बैंक आफ पटियाला का स्टेट बैंक में विलय करने और श्रम सुधार के नाम पर निजीकरण करने सहित अन्य मुद्दों को लेकर एसबीआई सहित सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मियों की हड़ताल के कारण बैंकों में करीब 50 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। हड़ताली कर्मचारियों ने माल रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक परिसर में नारेबाजी कर विरोध जताया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी शुक्रवार की सुबह माल रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा परिसर में एकत्र हुए। कर्मचारियों ने सरकार के निर्णय के विरोध में जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया। इससे पूर्व आंदोलन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सुधारों के नाम पर सरकारी बैंकों को निजी हाथों में सौंपने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने बैंकिंग सुधारों के नाम पर श्रम कानून में बदलाव करने पर नाराजगी जताई। हड़ताल के चलते बैंकों में लेन देन नहीं हुआ। अनुमान के मुताबिक पूरे जिले में करीब 50 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुई तो कर्मचारी दोबारा हड़ताल करने को बाध्य होंगे।
विरोध प्रदर्शन में ललित पंत, सीएस मर्तोलिया, दीप पांडे, सुंदर बिष्ट, अनूप साह, प्रफुल्ल जोशी, पुष्कर बिष्ट, विजय आर्या, मो. आसर अंसारी, सुभाष पांडे, मनोहर बिष्ट, कमलेश कोहली, हरीश बिष्ट, नवीन गुरुरानी, श्यामसुंदर रावत आदि शामिल थे।