फल्याटी गांव में प्रस्तावित कूड़ाघर का विरोध करते हुए ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
फल्याटी के जंगल में प्रस्तावित कूड़ाघर के खिलाफ फल्याटी और इससे जुड़े गांवों के लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। फल्याटी के जंगल में प्रस्तावित कूड़ाघर के खिलाफ फल्याटी और इससे जुड़े गांवों के लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रस्तावित कूड़ाघर स्थल पर जाकर जमकर हंगामा किया। एलान किया कि वह गरुड़ बाजार का कूड़ा दान अपने गांव के जंगल में किसी भी हालत में नहीं बनने देंगे।
फल्याटी, डोलगांव, डाक, कपकोटी, पडियारखेत गांव की महिला पुरुष आज भारी संख्या में फल्याटी में प्रस्तावित कूड़ाघर स्थल पर पहुंचे। उन्होंने फल्याटी के जंगल में जमकर हंगामा काटा। शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों के फल्याटी के कूड़ाघर स्थल पर हंगामा काटने की सूचना मिलते ही एसडीएम गरुड़ एनएस नगन्याल, जिला पंचायत के अपर मुुख्य अधिकारी आरके पंत, काननूगो दयाल मिश्रा और वन विभाग के कर्मचारी आंदोलन स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई।
पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख उम्मेद सिंह रावल की अध्यक्षता में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि गरुड़ बाजार का कूड़ाघर वह अपने गांव के जंगल में कतई नहीं बनने देंगे। प्रशासन भविष्य में गांव में कूड़ाघर बनाने की यहां कोशिश करेगा तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। फल्याटी की प्रधान शोभा रावल ने कहा कि बाजार का कूड़ा दान वह अपने इलाके में कतई नहीं बनने देंगी। सभा को अणां के जिला पंचायत सदस्य शिव सिंह बिष्ट, भाजपा के मंडल अध्यक्ष मंगल राणा, प्रताप सिंह नरेंद्र दोसाद, शंकर राम, फल्याटी के पूर्व प्रधान दिगपाल सिंह आदि ने संबोधित किया। एसडीएम ने आंदोलित जनता को बताया कि फल्याटी के ग्रामीणों की भावना को डीएम को आज ही अवगत करा देंगे।