चौखुटिया (अल्मोड़ा)। गेवाड़ बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने रविवार को विकास खंड के हाट-झला ग्राम पंचायत में प्रस्तावित हवाई अड्डे का विरोध करते हुए इसे कहीं और बनाने की मांग की है। ग्रामीणों ने धामदेवल भूमिया मंदिर प्रांगण में प्रदर्शन कर सभा की। कहा कि अगले सर्वे के दौरान सभी काश्तकार अपने खेतों में खड़े होकर विरोध जताएंगे। इस मौके पर पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने कहा कि बिना ठोस समझौते के ग्रामीणों की जमीन से छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी।
ग्राम पंचायत हाट और झला में प्रस्तावित हवाई अड्डे के विरोध में आवाज उठने लगी है। इसको लेकर धामदेवल में हुई बैठक में ग्रामीणों ने हवाई अड्डे का विरोध करते हुए चेतावनी दी है कि यदि इसे हाट-झला से हटाकर अन्यत्र नहीं बनाया गया तो 14 जनवरी से क्रमिक अनशन के साथ आंदोलन शुरू किया जाएगा। तय हुआ कि जरूरत पड़ने पर न्यायालय की शरण ली जाएगी।
ग्रामीणों ने कहा कि हवाई अड्डे का निर्माण उपजाऊ भूमि के काश्तकारों के साथ अन्याय है । इससे लोगों को जमीन, मकान सहित सभी जरूरी विकास कार्यों से वंचित होना पड़ेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बिना किसी ठोस समझौते के जमीन से छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी।
सभा की अध्यक्षता ग्राम प्रधान हाट किरन देवी ने और संचालन खीम सिंह कैड़ा ने किया। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य विजेंद्र नायक, कृपाल नायक, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश नायक, गजेंद्र सिंह नेगी, त्रिभुवन तिवारी, प्रेम प्रकाश, जीवन सिंह नेगी, उमेश मनराल, दीपक रेखाड़ी , प्रकाश उपाध्याय, कुंदन सिंह आदि सहित हाट-झला, बसनलगांव और उडलीखान के तमाम ग्रामीण मौजूद रहे थे।