दिल्ली प्रदेश में आम आदमी पार्टी को मिली भारी जीत से अल्मोड़ा में आप कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। चौघानपाटा में जुटे कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाया। कहा कि दिल्ली के बाद आप उत्तराखंड में भी परचम लहराएगी।
इस मौके पर संयोजक अखिलेश चंद्र, सिद्धार्थ जोशी, मनोज गुप्ता, पूरन चंद्र तिवारी आदि कार्यकर्ता थे। इधर डा. शमशेर सिंह बिष्ट ने दिल्ली में आप की जीत को आम आदमी की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि कारपोरेट हितों की पोषक मोदी सरकार की नौ माह में ही पोल खुल गई है।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि दिल्ली के चुनाव के साबित हो गया है कि विश्वसनीय जनपक्षीय विकल्प हो तो सत्ता का परिवर्तन हो सकता है। दिल्ली में आप की जीत से उत्तराखंड समेत पूरे देश में परिवर्तन की लहर चलेगी। बैठक में गोविंद लाल वर्मा, आनंदी वर्मा, आनंदी मनराल, रेखा धस्माना, प्रेम आर्या, भाष्कर प्रसाद, माला जीना, सुनीता दानू आदि मौजूद थे।