अल्मोड़ा। रोडवेज की चंडीगढ़ जा रही बस का प्रेशर पाइप माल रोड पर फट गया। इससे चालक के हाथ पांव फूल गए। बीच सड़क पर बस खराब होने से माल रोड में दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। स्कूल वाहन भी जाम में फंसे रहे। किसी तरह बस स्टेशन पहुंची तो वहां पर फिर खराब हो गई।
रोडवेज की बस संख्या यूके-07-पीए-2802 सोमवार को लोअर माल रोड स्थित वर्कशॉप से स्टेशन की तरफ आ रही थी। माल रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के समीप बस का प्रेशर पाइप फट गया था। बीच सड़क में बस खराब होने से माल रोड पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। स्कूल बस, केमू समेत अन्य वाहन जाम में फंस गए। राहगीरों को जाम के दौरान वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
सूचना मिलने पर मैकेनिक मौके पर पहुंचा और बस की मरम्मत की। किसी तरह बस स्टेशन पहुंची तो फिर यहां तकनीकी फाल्ट आ गया। स्टेशन पर चंडीगढ़ जाने वाले यात्री बस का इंतजार कर रहे थे लेकिन बस खराब होने से उन्हें झटका लगा। बस का संचालन न होने से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री परेशान रहे। कई यात्री हल्द्वानी तक केमू या फिर टैक्सी से रवाना हुए और वहां से चंडीगढ़ की बस पकड़ी।
रोडवेज की खटारा बसों का सफर यात्रियों को दे रहा दर्द
खराब हुई तो लगाना पड़ता है धक्का, चालक भी झेलते हैं परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। रोडवेज की खटारा बसों का सफर अल्मोड़ा के यात्रियों को दर्द दे रहा है। बस आए दिन रास्ते में यात्रियों को धोखा दे रही हैं। बसों की हालत इतनी दयनीय है कि खराब होने पर बस को धक्का लगाना पड़ता है।
रोडवेड स्टेशन से दिल्ली, देहरादून, लखनऊ, गुरुग्राम सहित विभिन्न रूटों पर 14 सेवाओं का संचालन किया जाता है। रोडवेज की बसों की हालत काफी खराब है। आए दिन मार्ग में बस में कोई न कोई खामी आ रही है। इसकी तस्दीक आंकडे कर रहे हैं। 28 जुलाई को हरिद्वार से अल्मोड़ा रही बस चौघानपाटा में बीच सड़क पर खराब हो गई थी।
30 अगस्त को अल्मोड़ा -मासी बस करबला में खराब हो गई थीं। 20 सितंबर को कार्यशाला से रवाना हुई रोडवेज की मासी वाली बस करबला के पास पानी छोड़ने लगी थी। चालक ने जैसे तैसे बस ठीक की। स्टेशन पहुंचने पर बस का गैस किट फट गया। बीते दिनों बागेश्वर डिपो की बरेली से बागेश्वर जा रही बस अल्मोड़ा के चौघानपाटा में बीच सड़क में खराब हो गई थी।
यात्री बोले
चंडीगढ़ सेवा ठप होने से दिक्कतें हो रही है। टैक्सी से हल्द्वानी जा रहा हूं। फिर वहां से चंडीगढ़ की बस पकड़ कर गंतव्य को जाऊंगा। - विमल कुमार लोहनी
कोट
चंडीगढ़ जा रही हूं लेकिन बस खराब है। चंडीगढ़ को दूसरी बस भी संचालित नहीं की जा रही है। इससे काफी परेशान हूं। - पारूल श्रीवास्तव
कोट
चंडीगढ़ को संचालित बस का प्रेशर पाइप फट गया था। मैकेनिक भेजकर बस में आई खामी दूर की जा रही है। - विजय तिवारी, सहायक महाप्रबंधक रोडवेज डिपो अल्मोड़ा।