अल्मोड़ा। हल्द्वानी से गंगोलीहाट जा रही रोडवेज की बस का रविवार को धौलछीना के पास कलौन में प्रेशर पाइप फट गया। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
चालक ने किसी तरह से बस को रोका। बीच सड़क पर खड़ी बस के चलते बाड़ेछीना-सेराघाट मोटर मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगा रहा। इस दौरान यात्री, मतदाता और पर्यटक फंसे रहे। उत्तराखंड परिवहन निगम की बस हल्द्वानी से गंगोलीहाट सवारियां लेकर जा रही थी। सुबह करीब 11 बजे धौलछीना के पास कलौन में चलती बस का प्रेशर पाइप फट गया। इससे घबराए बस में सवार यात्रियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। बस बीच सड़क में खड़ी हो गई।
बस के आगे नहीं बढ़ पाने से बाड़ेछीना-सेराघाट मोटर मार्ग पर जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे सड़क पर जाम लगा रहा। इस दौरान मतदाताओं, यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दोपहर एक बजे प्रेशर पाइप को ठीक कर बस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इसके बाद जाम खुला और यातायात सुचारू हुआ।