अल्मोड़ा। प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धन सिंह रावत ने कहा है कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में सत्र नियमित किया जाएगा। इसके लिए 19 मई को कुलपतियों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में प्रवेश, चुनाव, परीक्षा और रिजल्ट का रोस्टर तैयार किया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में राष्ट्रीयता की भावना जागृत की जाएगी।
जिले के प्रभारी मंत्री रावत ने रविवार को यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि अगले माह से राज्य के 21 विश्वविद्यालयों में तिरंगे लहराए जाएंगे। सुबह नौ बजे राष्ट्रगान और शाम चार बजे वंदेमातरम गाया जाएगा। विद्यार्थियों में समानता के लिए ड्रेस कोड लागू होगा। उच्च शिक्षा में सुधार के लिए तय किया गया है कि प्राध्यापक सुबह दस से शाम तीन बजे तक विवि और महाविद्यालयों में रहे। शिक्षकों के साथ ही छात्रों के लिए भी बायोमीट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों और विवि परिसरों को नशा मुक्त बनाने के लिए 200 मीटर की परिधि में शराब, बीड़ी, सिगरेट की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। किसी भी विश्वविद्यालय में पाकिस्तान के समर्थन मे नारे नहीं लगने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में स्वच्छ और ईमानदार सरकार देगी।
प्रभारी मंत्री होने के नाते वह मई प्रथम सप्ताह में एक सप्ताह तक क्षेत्र में रहकर न्याय पंचायत स्तर पर भ्रमण करेंगे और जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगे। महिलाओं के शराब के खिलाफ चल रहे आंदोलनों पर उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य में सुधार के लिए प्रयासरत है। इसके परिणाम जल्द ही सामने आएंगे।
अल्मोड़ा। जिले के प्रभारी मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी सुभाष पांडे मामूली मतों से पराजित हुए हैं। मंत्री ने कहा कि पांडे ने कड़ी मेहनत की। उन्होंने कहा कि जागेश्वर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। वह दो दिन जागेश्वर क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। जागेश्वर के कार्यकर्ताओं के वह ही विधायक और मंत्री हैं। जागेश्वर में अगली बार कमल खिलाने के लिए कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुट जाएं।
अल्मोड़ा। जिले के प्रभारी और प्रदेश के उच्च शिक्षा, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धन सिंह रावत का पहली बार अल्मोड़ा आगमन पर भाजपाइयों ने जोरदार स्वागत किया। रावत ने कहा कि सहकारिता समूहों से महिलाओं और श्रमिकों को जोड़कर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यकर्ता रावत को क्वारब से वाहनों के काफिले के साथ लाए। सर्किट हाउस में भी पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनी है। ऐसे में कार्यकर्ताओं की और अधिक जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। वहां विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, चंदन सिंह मेहरा, सुभाष पांडे, जिला महामंत्री अजीत कार्की, उपाध्यक्ष दर्शन रावत, कुंदन चम्याल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष महेश नयाल आदि थे।
अल्मोड़ा। प्रदेश के उच्च शिक्षा और दुग्ध विकास राज्य मंत्री धन सिंह रावत के अल्मोड़ा आगमन पर विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर उन्हें समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपे। प्रांतीय योग महासंघ के पदाधिकारियों का एक शिष्टमंडल उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा है कि राज्य में योग प्रशिक्षितों की संख्या बढ़कर 18 हजार पहुंच गई है।
सरकार ने योग प्रशिक्षितों को स्थायी नियुक्ति देने के लिए कोई कारगर प्रयास नहीं किए हैं। इस कारण योग प्रशिक्षितों का भविष्य अंधकारमय है। उन्होंने योग प्रशिक्षितों को स्कूलों के अलावा स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन आदि विभागों में स्थायी नियुक्ति मांगी है। ज्ञापन में रोहित भट्ट, किरन पंत, सोनिया, माया बिष्ट, भगवती बिष्ट, दीपा बोरा, दीपा राणा आदि के हस्ताक्षर हैं।
इधर दुग्ध उत्पादकों ने रावत को ज्ञापन देकर दुग्ध क्रम मूल्य 40 रुपये प्रति लीटर करने, दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने, पूर्व सरकार द्वारा घोषित 50 लाख रुपये की अनुदान राशि दुग्ध संघ अल्मोड़ा को अवमुक्त करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में आनंद बिष्ट, गोविंद आर्या, मोहन कैड़ा, त्रिभुवन तिवारी, हीरा रावत, कुशाल सिंह, प्रताप रौतेला, कृपाल नेगी, भगवत चौधरी, ब्रह्मानंद डालाकोटी, शिवराज बनौला आदि शामिल हैं।