अल्मोड़ा। राज्यपाल डॉ. केके पाल ने अल्मोड़ा में स्थापित आवासीय विश्वविद्यालय को कैंब्रिज विश्वविद्यालय के रूप में नई पहचान बनाने का प्रयास करने और जुलाई माह से यहां पर शैक्षणिक सत्र चालू कर दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि संस्थान में फैशन डिजाइनिंग, फिल्म मेकिंग, ड्रामा म्यूजिक आदि कोर्स चलाए जाऐंगे, जिसके लिए बाहरी विवि द्वारा आवासीय विवि को चलाने में मदद देने का आश्वासन मिला है। उच्च शिक्षा में शैक्षणिक स्तर पर चिंता जताते हुए उन्होंने विश्वविद्यालयों में शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए ठोस पहल करने की भी बात कही।
जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में आवासीय विश्वविद्यालय के शुभारंभ मौके पर पहुंचे राज्यपाल केके पॉल ने कहा कि उत्तराखंड के लोक साहित्य, संस्कृति के विकास, संरक्षण के लिए उत्तराखंड आवासीय विश्वविद्यालय की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि विवि को शुरू करने में समय अवश्य लगा लेकिन इसे कैंब्रिज विवि के रूप में नई पहचान बनाने का प्रयास करना होगा। जुलाई से शैक्षणिक सत्र चालू करने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि आवासीय विवि के संबंध में देश के अनेक क्षेत्रों से जाने माने वैज्ञानिकों द्वारा जो विचार रखे गए हैं, उनको समाहित करते हुए संस्थान को प्रतिष्ठित संस्थान का दर्जा दिलाए जाने की पहल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आवासीय विवि में फैशन डिजाइनिंग, फिल्म मेकिंग, ड्रामा म्यूजिक आदि कोर्स चलाने के लिए बाहर के विश्वविद्यालयों द्वारा मदद देने का आश्वासन मिला है। आवासीय विवि खुलने से जहां बेरोजगार युवकों को इसका लाभ मिलेगा, वहीं पारंपरिक लोक संस्कृति संरक्षित होने के साथ स्थानीय जड़ी-बूटी उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने उच्च शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा के स्तर पर चिंता जताते हुए उन्होंने इसमें गुणात्मक सुधार लाने के लिए ठोस पहल करने की बात कही। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि आवासीय विवि खोलने के लिए एक करोड़ रुपये शासन द्वारा पूर्व में टोकन मनी के रूप में स्वीकृत है।
उन्होंने बताया कि तीर्थाटन, पर्यटन समेत आपदा प्रबंधन के लिए आवासीय विवि में कार्य होगा। उन्होंने बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए प्रदेश में पांच बेरोजगार मेले लगाए जाने और प्रत्येक मेले में करीब 1000 युवकों को रोजगार दिलाए जाने की घोषणा की। आवासीय विवि के कुलपति प्रो. एचएस धामी ने कहा कि इसी सत्र से आवासीय विवि की कक्षाएं होटल मैनेजमेंट संस्थान, उदयशंकर नाट्य अकादमी में शुरू की जाएंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक सुधार और पलायन को रोकने के लिए विवि की स्थापना की जा रही है जिससे आने वाली पीढ़ी को लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भू-वैज्ञानिक डॉ. केएस वाल्दिया, यूकॉस्ट निदेशक राजेंद्र डोभाल, प्रो. प्रीति जोशी, निफ्ट निदेशक विजया देशमुख, जीबी पंत संस्थान के निदेशक पीपी ध्यानी, साइरस कलकेरिया आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान पंतनगर विवि के कुलपति जे कुमार, कुविवि कुलपति डॉ. डीके नौड़ियाल समेत स्थानीय नेता, जिला प्रशासन और संस्थान के वैज्ञानिक मौजूद रहे। इससे पहले अल्मोड़ा पहुंचने पर राज्यपाल को सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. रावत, विधानसभा उपाध्यक्ष चौहान, डीएम सविन बंसल, एसएसपी डीएस कुंवर आदि ने राज्यपाल का स्वागत किया।