Preparations for the badminton event of National Games in Almora
अल्मोड़ा। 2021 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड को मिलने की संभावना है। प्रदेश सरकार राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत होने वाली बैडमिंटन स्पर्धा अल्मोड़ा में कराने का ऐलान पहले ही कर चुकी है। इधर बीते सप्ताह मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस स्पर्धा के लिए अल्मोड़ा के निकट द्योलीडाना में नए बैडमिंटन स्टेडियम के प्रस्ताव को मंजूरी देने की घोषणा कर दी है। अब जल्द ही बैडमिंटन स्टेडियम का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। नए स्टेडियम के साथ ही अल्मोड़ा में बैडमिंटन एकेडमी बनाए जाने की भी योजना है।
बता दें कि पहले 2018 में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड को मिली थी, लेकिन तैयारी नहीं हो पाने के कारण 2018 में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड के बजाय गोवा और उसके अगले साल की छत्तीसगढ़ को देने का फैसला हो गया था। हालांकि अभी तक गोवा और छत्तीसगढ़ में भी राष्ट्रीय खेलों का आयोजन नहीं हो सका है। इसके बाद 2021 में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड को देने का फैसला हुआ है।
यदि उत्तराखंड की तैयारी ठीक रही तो 2021 के राष्ट्रीय खेल उत्तराखंड में होंगे। प्रदेश सरकार ने पूर्व में ही राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा अल्मोड़ा में कराने का निर्णय लिया था। इसके लिए निकटवर्ती द्योलीडाना में बैडमिंटन स्टेडियम बनाने के लिए करीब तीन एकड़ भूमि पहले ही खेल विभाग को मिल चुकी है। खेल विभाग ने वहां राष्ट्रीय स्तर के छह कोर्ट, दर्शक दीर्घा के साथ ही मुख्य मार्ग से डेढ़ किमी लंबी सड़क बनाने के लिए कुल 17.54 करोड़ रुपये की डीपीआर बनाकर भेजी थी जिसे शासन से पहले ही मंजूरी भी मिल चुकी थी लेकिन इसे सरकार से वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली थी।
इधर बीते 23 अक्तूबर को केबिनेट की बैठक में हिस्सा लेने अल्मोड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने द्योलीडाना में बैडमिंटन स्टेडियम को मंजूरी देने की घोषणा कर दी है। जिससे अब स्टेडियम का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने कहा कि स्टेडियम का निर्माण होने के बाद 2021 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए बैडमिंटन खिलाड़ियों को समय पर प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया जाएगा।