अल्मोड़ा में बिजली लाइन में आई खराबी को दूर करते पिटकुल कर्मी। स्रोत: जागरूक पाठक
अल्मोड़ा। जिले में 132 केवी लाइन से जुड़े नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में तीन घंटे बिजली गुल रही। इससे जिले की एक लाख से अधिक की आबादी को घंटों बिजली संकट से जूझना पड़ा। बिजली नहीं होने से सरकारी और निजी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहे। वहीं कारोबारियों को भी खासा नुकसान झेलना पड़ा।
बुधवार को पिटकुल की चंडाक-अल्मोड़ा 132 केवी लाइन से जुड़े पांडे खोला सब स्टेशन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इस खराबी को दूर करने को पिटकुल कर्मियों ने आवश्यक शट डाउन लिया। इसके चलते नगर सहित सोमेश्वर, लमगड़ा, पनुवानौला, शेराघाट, कोसी, काफलीगैर आदि क्षेत्रों में करीब तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। दोपहर 12 बजे अचानक बिजली गुल होने से कार्यालयों में काम काज प्रभावित रहे। वहीं होटल, रेस्टोरेंट सहित बिजली संचालित कारोबारियों को भी नुकसान झेलना पड़ा। कई घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों के बिजली संचालित उपकरण महज शोपीस बने रहे। वहीं लोग मोबाइल हाथों में पकड़े घंटो बिजली आने का इंतजार करते रहे। दोपहर करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली।
कोट
पिटकुल की चंडाक-अल्मोड़ा 132 केवी बिजली लाइन में तकनीकी खबरी आने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। तीन बजे के आसपास सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है
- कन्हैया जी मिश्रा, अधिशासी अभियंता, यूपीसीएल अल्मोड़ा