भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। 11 साल बाद राजकीय महाविद्यालय भतरौंजखान को अब जल्द अपनी छत नसीब हो सकेगी। भतरौंजखान के हीरानंद बाबा मंदिर के करीब भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। भवन बनने से छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधा मिलेगी।
भतरौंजखान में 2014 में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की। महाविद्यालय में चौनलिया, उगलिया, दनपौ, सुनी, हऊली, पंतगांव, सिरमोली, कालाखेत, बिनकोट, चंद्रकोट, धूरा, मछोड़, नौघर, च्यूनी, नौकोट आदि क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। स्थापना समय से ही महाविद्यालय किराये के भवन में संचालित हो रहा है। किराये के भवन में कक्षा-कक्षों की कमी है। कॉलेज का भवन नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रानीखेत के विधायक डाॅ. प्रमोद नैनवाल के प्रयासों से राजकीय महाविद्यालय भतरौंजरवान का कार्य शुरू हो गया है।
महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अजय सक्सेना ने बताया कि महाविद्यालय के भवन निर्माण की कुल लागत 546.39 लाख रुपये है। लागत के सापेक्ष 116.63 लाख रुपये अवमुक्त हो चुके हैं। महाविद्यालय का निर्माण कार्य अगले वर्ष 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। महाविद्यालय प्राचार्य डाॅ. रूपा यादव ने बताया कि महाविद्यालय का भवन बनने के बाद बेहतर सुविधा मिलेगी। वहां व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप पंत, संरक्षक पूरन करगेती, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरीश भट्ट, देवेंद्र छिम्वाल आदि मौजूद रहे।