अल्मोड़ा। जिले को रीजनल एवं जिला वैक्सीन स्टोर की जल्द सौगात मिलेगी। इस स्टोर के बनने से अब अल्मोड़ा सहित सब सेंटर बागेश्वर और पिथौरागढ़ को भी यहीं से टीकों का आवंटन किया जाएगा। अभी तक जिले में टीकों के भंडारण की एक स्थान पर समुचित व्यवस्था नहीं है। इसे जरूरत के हिसाब से वैकल्पिक रूप में व्यवस्थित किया जाता है। इस कारण विभाग की ओर से शासन को पांच करोड़ रुपये की डीपीआर भेजी गई है। जल्द ही स्टोर का भवन धरातल पर उतरेगा।
जिले में टीकों का भंडारण और वितरण के साथ ही टीकों की गुणवत्ता की जांच, टीकाकरण कार्यक्रमों के आयोजन आदि को बेहतर बनाने के लिए विभाग की कवायद तेज कर दी गई है। इसके लिए पांच करोड़ की लागत से रीजनल एवं जिला वैक्सीन स्टोर का निर्माण कार्य कराया जाएगा। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रीजनल एवं जिला वैक्सीन स्टोर मेडिकल कॉलेज अधीन बेस अस्पताल में स्थापित था लेकिन मेडिकल कॉलेज बनने के बाद स्टोर को सीएमओ कार्यालय में स्थापित किया गया। इस कारण अल्मोड़ा सहित बागेश्वर और पिथौरागढ़ को भेजे जाने वाले बच्चों के टीके सहित अन्य वैक्सीन के रखरखाव में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिले में रीजनल एवं जिला वैक्सीन स्टोर के लिए डीपीआर भेजी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे टीके का भंडारण सहित अन्य समस्याएं दूर होंगी।
डॉ. दीपांकर डेनियल, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रतिरक्षण अल्मोड़ा।