खिड़ा से खजुरानी तक अस्तित्व में आई 18 किमी लंबी सड़क। स्वयं
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत आखिरकार खुजरानी गांव के लोगों को सड़क नसीब हुई। सात करोड़ रुपये से खिड़ा से खजुरानी तक सड़क बनने से खुजरानी, खीड़ा, गोदी, बगड़ी, छितार आदि गांवों की दो हजार से अधिक की आबादी की समस्या का समाधान हुआ।
सड़क के अस्तित्व में आने से अब ग्रामीणों को चौखुटिया बाजार पहुंचे के लिए 10 किमी पैदल सफर करने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा। सड़क बनने से ग्रामीणों की आर्थिकी में भी सुधार होगा।पीएमजीएसवाई के तहत खिड़ा से खजुरानी तक 18.4 किमी सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। करीब सात करोड़ 32 लाख रुपये से सड़क के धरातल पर उतरने से विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है।
अब तक ग्रामीण दस किमी पैदल चलकर मुख्य बाजार तक पहुंचते थे। बुजुर्गाें के लिए बाजार तक पहुंचना चुनौती बना था। ग्रामीण गंभीर मरीजों को डोली के सहारे सड़क तक पहुंचाने के लिए मजबूर थे। किसानों के लिए सब्जियों, फल आदि फसल को बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो रहा था। सड़क बनने से लोगों की दिक्कतों का समाधान हुआ। यह सड़क इन गांवों को चौखुटिया और बछुवाबाण (चमोली) मुख्य सड़क से जोड़ेगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
- सड़क बनने से अब क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा, शिक्षा, परिवहन जैसी बुनियादी जरूरतों से वंचित नहीं होना पड़ेगा। किसान अपने उत्पादों को आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे। गांव तक सड़क पहुंंचने से अब वहां विकास कार्य भी तेजी से हो सकेंगे।
प्रभात रंजन, अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई, द्वाराहाट।