अल्मोड़ा। क्वारब-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर लंबे से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का दो करोड़ रुपये से सुधारीकरण होगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्वारब से पंडुवाखाल तक क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के चलते यात्रियों को दुर्घटना की आशंका रहती है। क्वारब-अल्मोड़ा एनएच की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के सुधारीकरण के लिए भारत सरकार ने दो करोड़ बारह लाख रुपये का बजट जारी किया है।
कार्य पूरा होने पर यात्रियों और पर्यटकों को खतरे भरे इस सफर में मुक्ति मिलने की उम्मीद है। यहां हाईवे पर कोसी, स्यालीधार, खोल्टा, पांडेखोला, कर्नाटक खोला, खत्याड़ी आदि क्षेत्रों में सड़क की सुरक्षा दीवार के क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना का खतरा रहता है। बजट के अभाव में बीते एक साल से अधिक समय से इनका सुधारीकरण नहीं हो सका है।
इससे कोसी, हवालबाग, कटारमल, रानीखेत और सहित नगर के लोग हल्द्वानी समेत अन्य शहरों को आवाजाही के दौरान जान जोखिम में डालकर सफर करने के लिए मजबूर हैं। विभाग के मुताबिक जल्द इन जर्जर हो चुकी सुरक्षा दीवारों का सुधारीकरण किया जाएगा।