अल्मोड़ा। कोविड कर्फ्यू के दौरान शुक्रवार को राशन, किराने की दुकानें और जनरल स्टोर सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक खुले। दुकानें खुलते ही खरीदारी को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के मुख्य बाजार समेत अन्य इलाकों में निर्धारित समय के बाद भी सब्जी, राशन, किराने की कुछ दुकानें खुली रही। एसआई श्याम सिंह बोरा ने बताया कि निर्धारित समय बाद खुली 13 दुकानों का 1800 रुपये का चालान काटा। चालान होने की सूचना अन्य व्यापारियों को मिली तो उन्होंने भी अपने प्रतिष्ठानों के शटरडाउन कर लिए।
पिछले सप्ताह 14 मई को राशन, किराने की दुकानें और जनरल स्टोर खुले थे। इस सप्ताह सात दिन बाद शुक्रवार को जैसे ही राशन, किराने की दुकानें और जनरल स्टोर खुले तो खरीदारी को लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के चौक बाजार, लाला बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार, थाना बाजार, मालरोड, धारानौला आदि बाजारों में लोगों की भीड़ रही। बाजार और दुकानों में भारी भीड़ के बावजूद लोग दो गज की दूरी बनाकर खड़े नहीं थे। भीड़ ने सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई।
बैंकों और एटीएमों में उमड़ी भारी भीड़
अल्मोड़ा। बैंकों और एटीएमों में ग्राहकों की कतार रही। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोग दो गज दूरी का पालन करना ही भूल गए। बैंकों में नकदी जमा करने, पास बुक में इंट्री, चेक जमा करने, ड्राफ्ट बनाने समेत अन्य कार्यो के लिए काफी संख्या में ग्राहक पहुंचे थे। हाल यह रहा है कि बैंकों में तो भीड़ थी ही एटीएमों में भी कैश निकालने के लिए ग्राहकों की कतार लगी रही। कुछ बैंकों के एटीएमों में नकदी खत्म होने से ग्राहक परेशान रहे।