महिला थाने का उद्घाटन करते पुलिस उप महानिरीक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस उप महानिरीक्षक कुमाऊं पूरन सिंह रावत ने मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान में और अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनने और बगैर विलंब के शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। एनटीडी स्थित महिला थाना और फायर स्टेशन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने पुलिस को हर परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा।
मंगलवार को एनटीडी स्थित महिला थाना फायर स्टेशन के नए भवन का उद्घाटन करने पहुंचे उप महानिरीक्षक ने नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों के बारे में गहराई से छानबीन करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के अलावा मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान में और अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस को सत्यापन अभियान जारी रखने के साथ ही बाहरी जिलों से आने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जनता से संबंधित शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनने के साथ ही बगैर विलंब के शिकायतों का निस्तारण करने को भी कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी पूर्वक काम करने की सलाह भी दी। इस अवसर पर एसएसपी पी रेणुका देवी, पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया, अग्रिशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, रविंद्र कुमार, कमल सिंह, संजय गब्र्याल, संतोष बगडवाल, बसंती आर्या, टीपी पांडे, हरीश पंत, शंकर दत्त समेत शाखा प्रभारी और पुलिस लाइन के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।