जीआईसी चौड़ा सोमेश्वर का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। समारोह की मुख्य अतिथि विधायक रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के लिए भी कई योजनाएं संचालित की हैं। छात्र-छात्राएं योजनाओं का लाभ उठाकर लक्ष्य हासिल करें। आर्या ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के दौर में छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ ही तकनीकी रूप से भी दक्ष होना जरूरी है। उन्होंने कालेज में विधायक निधि से फर्श निर्माण के लिए दो लाख, 100 कुर्सियां देने की घोषणा की।
विधायक रेखा ने कहा कि सरकार शिक्षा के प्रति गंभीर है। स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों पर जल्द ही तैनाती होगी। प्रधानाचार्य अशोक उप्रेती ने प्रगति रिपोर्ट पढ़ी। स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में रमेश भाकुनी, आनंद सिंह मेहता, हीरा भाकुनी, कृष्ण सिंह बिष्ट, पान सिंह, लाल सिंह बजेठा, सुंदर सिंह आदि मौजूद थे। इससे पहले विधायक ने दौलाघट, इटौला, कनालबूंगा, भनरगांव, गुड़कांडे, नाकोट, बलसा, कोटयूड़ा, गुरुना, गोविंदपुर आदि गांवों का भ्रमण कर समस्याओं की जानकारी ली। गांवों में आयोजित बैठकों में उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विधायक ने दौलाघट में 47 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री राहत कोष से जारी पांच लाख के चेक बांटे। उन्होंने जीजीआईसी दौलाघट में फर्नीचर के लिए विधायक निधि से एक लाख रुपए देने की घोषणा की। टकोला गांव में विधायक निधि से बने भंडार कक्ष का लोकार्पण किया। इस दौरान गोपाल खोलिया, विजय बिष्ट, महेंद्र लाल, चंदन पोखरियाल, पान सिंह, प्रकाश बिष्ट, नारायण राम, आशा तिवारी, हरीश खोलिया आदि मौजूद थे।