रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत ब्लॉक के सुनियाकोट, मल्ला विश्वा, थापला, पाली, डोबा सहित कई गांवों में जंगली सुअरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सुअरों के झुंड रात के समय खेतों में घुसकर धान के साथ-साथ मटर, लहसुन, प्याज, लाई, पालक और मूली जैसी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
राजेंद्र सिंह परिहार, ईश्वर प्रकाश, देव रावत, विजय रावत, देव सिंह, कुंदन सिंह, चंदन सिंह, पूरन सिंह, कैलाश सिंह, हीरा सिंह, नारायण सिंह, गोपाल सिंह, हेमा देवी, कमला देवी, आशा देवी, शांति देवी ने बताया कि लगातार हो रहे नुकसान से खेती घाटे का सौदा बनती जा रही है। किसानों को फसलों की रखवाली के लिए रातभर जागना पड़ रहा है फिर भी नुकसान थम नहीं रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग व प्रशासन से सुअरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
कोट-
जंगली सुअरों की फसलों को नुकसान पहुंचाने की शिकायतें मिल रही हैं। विभाग की ओर से क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाएगा और सुअरों के आतंक को रोकने के लिए नियमों के तहत आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। - तापस मिश्रा, वन क्षेत्राधिकारी रानीखेत