रानीखेत (अल्मोड़ा)। पीजी कॉलेज में लंबित विकास कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर छात्रसंघ मुखर हो गया है। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने मंगलवार से बेमियादी क्रमिक अनशन की चेतावनी दी है। पदाधिकारियों ने कहा है कि महाविद्यालय परिसर की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। छात्रावास का कार्य भी रुका है। शासन, प्रशासन कोई सुध नहीं ले रहा है। छात्र-छात्राओं को साथ लेकर वृहद आंदोलन किया जाएगा।
छात्रसंघ अध्यक्ष मनीष भैसोड़ा ने कहा है कि शासन, प्रशासन महाविद्यालय के विकास कार्यों को लेकर कतई गंभीर नहीं है। छात्रावास का कार्य रुका है। महाविद्यालय को जोड़ने वाली सड़क का जीर्णोद्धार तक नहीं किया गया है। प्रत्येक कक्षाओं में पंखों की व्यवस्था नहीं हो सकी है। महाविद्यालय में कूड़ेदान लगाने की मांग उठाई गई थी, लेकिन इस तरफ भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वाहन पार्किंग की व्यवस्था न होने से बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े करने पड़ रहे हैं। कक्षाओं में हीटर तक नहीं हैं। अब ठंडे का मौसम शुरू हो गया है। प्रथम सेमेस्टर के ऑनलाइन आवेदन की तिथि फिर से शुरू करने की मांग भी उठाई गई थी। महाविद्यालय के मुख्य द्वारों के सौंदर्यीकरण की मांग पर भी गौर नहीं किया जा रहा है। कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन मांगों की अनदेखी हो रही है। महाविद्यालय के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। छात्रसंघ के नेतृत्व में छह अक्तूबर से क्रमिक अनशन किया जाएगा।