गरुड़ (बागेश्वर)। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को गरुड़ के सुमित्रानंदन पंत महाविद्यालय में 144.19 लाख रुपये की लागत से बने भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने महाविद्यालय में अगले शिक्षा सत्र से पीजी की कक्षाएं शुरू कराने और राज्य के हर महाविद्यालय को 4जी इंटरनेट संयोजन से जोड़ने की घोषणा की।
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. रावत ने सीटों की संख्या में वृद्धि और महाविद्यालय के विकास के लिए 40 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी महाविद्यालयों में शौचालय और पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विधायक चंदन राम दास ने कहा कि महाविद्यालय भवन निर्माण का क्षेत्र की जनता से वादा किया था। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की कक्षाएं संचालित करने, पुस्तकों के लिए विधायक निधि से धन दिया गया है।
कार्यक्रम में रहे मौजूद
भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, विधायक कपकोट बलवंत सिंह भौर्याल, उपनिदेशक उच्च शिक्षा एनएस बनकोटी, डॉ. हेम चंद्र दुबे, अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, प्राचार्य प्रेमलता कुमारी, मंडी परिषद के उपनिदेशक भागवत जोशी, ब्लॉक प्रमुख हेमा बिष्ट, पूर्व मंत्री रामप्रसाद टम्टा, जिला पंचायत सदस्य जनार्दन लोहनी, गोपाल किरमोलिया, सुनीता आर्या, इंद्र सिंह बिष्ट, हरीश रावत, घनश्याम जोशी, मंगल राणा, एडवोकेट जेसी आर्या, भुवन चंद्र, बहादुर कोरंगा आदि थे।
गरुड़ महाविद्यालय को डेढ़ दशक बाद मिली छत
गरुड़ (बागेश्वर)। राजकीय महाविद्यालय गरुड़ की स्थापना वर्ष 2006 हो गई थी। महाविद्यालय को 15 साल बाद छत मिली है। महाविद्यालय प्राथमिक विद्यालय गागरीगोल में चल रहा था। महाविद्यालय को स्थापना के लंबे अंतराल के बाद छत मिलने पर क्षेत्र की जनता उत्साहित है। अभिभावकों और महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को उम्मीद है कि उन्हें अब कॉलेज में अच्छी शिक्षा मिलेगी। पीजी करने बागेश्वर और अल्मोड़ा के चक्कर नहीं लगाने होंगे।