राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से अंग्रेजी प्राध्यापक को चौखुटिया स्थानांतरण कर दिए जाने से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। छात्र संघ के बैनर तले छात्र-छात्राओं ने कहा कि महाविद्यालय में एकमात्र अंग्रेजी के प्राध्यापक थे, उन्हें भी स्थानांतरित कर दिया गया है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे स्थानीय महाविद्यालय के पठन-पाठन का कार्य प्रभावित होगा।
उच्च शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर तत्काल स्थानांतरण रद करने की मांग उठाई गई। साथ ही बीए में गृह विज्ञान, भूगोल, शिक्षा शास्त्र, संस्कृत, कला, एमए में हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र विषय खोलने और बीएससी में रसायन विज्ञान के प्राध्यापक की व्यवस्था करने की मांग की गई। कहा कि शीघ्र मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र-छात्राएं उग्र आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष गिरीश चंद्र, पूर्व सचिव कुंदन अधिकारी, कोषाध्यक्ष सूरज उपाध्याय, नगर मंत्री पंकज रौतेला, नगर अध्यक्ष कमल किशोर, सुंदर बिष्ट, योगिता, हेमलता, भावना, सरोज, ज्योति, प्रियंका आदि शामिल थे। मालूम हो कि पूर्व में अनिश्चितकालीन धरना 23 दिसंबर से शुरू होना था, लेकिन छात्र छात्राओं ने दो दिन पूर्व ही धरना शुरू कर दिया है।