अल्मोड़ा। नगर सहित दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों में शनिवार को पेट्रोल खत्म होने से वाहन चालक परेशान रहे। इनमें जिला मुख्यालय के चार पेट्रोल पंप भी रहे। वहीं कुछ पेट्रोल पंपों को डीजल उपलब्ध रहा दिया गया।
शनिवार को शहर के व्यस्त इलाके जैसे माल रोड, धारानौला और पांडेखोला स्थित पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया। कोसी सहित बाडे़छीना स्थित पंपों में पेट्रोल खत्म होने से वाहन चालक परेशान रहे। अल्मोड़ा फीलिंग स्टेशन पांडेखोला, हरीश देवड़ी फीलिंग स्टेशन पांडेखोला, कपीसा फीलिंग स्टेशन धारानौला, माल रोड स्थित एसडी मंगोली पेट्रोल पंप सहित कोसी में स्थित पेट्रोल पंपों में पेट्रोल समाप्त हो गया।
वहीं इनमें से कुछ पेट्रोल पंपों में केवल डीजल ही मिल पा रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों के अनुसार पेट्रोल-डीजल का टेंकर मंगाया गया है। वह शाम या कल सुबह तक पहुंच जाएगे जिससे स्थिति सामान्य हो जाएगी और लोगों को पेट्रोल मिलने लगेगा।
पेट्रोल और डीजल वाहनों में ही भरा जा रहा है। किसी को भी बोतल या केन में पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है।
जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई किल्लत नहीं है। पेट्रोल पंपों में पेट्रोल खत्म होने की अब तक कोई सूचना नहीं है। जिला पूर्ति निरीक्षकों को पंपों की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में 25 पेट्रोल पंप है उन सबसे संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।
- करुणा पंत, जिला पूर्ति अधिकारी अल्मोड़ा