अल्मोड़ा के होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी बोधित जोशी के लगातार श्रेष्ठ प्रदर्शन को देखते हुए ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट ने उनके साथ करार किया है। करार के तहत संस्था बोधित की ट्रेनिंग में हर साल छह लाख रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा राष्ट्रीय और अंतरर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट मेें प्रतिभाग करने के लिए सारी व्यवस्था भी संस्था करेगी। लक्ष्य सेन के बाद ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट से करार वाले बोधित जोशी उत्तराखंड के दूसरे खिलाड़ी हैं।
उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि ओलिंपिक गोल्ड क्वेस्ट पुराने ओलंपिक खिलाड़ियों और अपने खेल क्षेत्र के दिग्गजों द्वारा चलाई जाने वाली संस्था है और यह संस्था विभिन्न खेलों के उन खिलाड़ियों का चयन करती है जिनमें कि भविष्य में ओलंपिक पदक जीतने की प्रबल संभावना हो, इसलिए इसे बोधित की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पहले अल्मोड़ा के बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के साथ भी ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट ने करार किया है। बोधित के ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट से करार होने पर विधायक मनोज तिवारी, डीएम सविन बंसल, पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, डीके सेन, राम अवतार, जगमोहन फर्त्याल, प्रशांत जोशी, सुरेश कर्नाटक, राकेश जायसवाल, गोकुल मेहता, एएस रजवार, हेम तिवारी, राजू तिवारी आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की है।