शनिवार को रुद्रपुर से जैंती तहसील के बाराकोट जा रही एक मारुति वैन चालक को नींद की झपकी आने के कारण जैंती के पैरीपानी के पास 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। सुबह घूमने निकले लोगों ने खाई से चिल्लाने की आवाज सुनने के बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी। तीनों घायलों को 108 के माध्यम से बेस अस्पताल अल्मोड़ा भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई है।
ग्राम महेशपुर खेम, पोस्ट मानपुर, जिला मुरादाबाद निवासी अहमद शईद पुत्र अब्दुल शईद क्षेत्र में रजाई-गद्दे बनाने का काम करते हैं। शनिवार को वह मारुति वैन संख्या यूपी 02-6667 से रुद्रपुर से जैंती के बाराकोट को रवाना हुए। वाहन में उसकी पत्नी नसीम जहां और तीन वर्षीय पुत्री अकसरा भी थी। अहमद शईद वाहन खुद ही चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक चालक अहमद शईद को जैंती के निकट पैरीपानी में झपकी आ गई और वाहन 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर जैंती चौकी प्रभारी गंगा सिंह धपोला ने मौके पर जाकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकाला और 108 के माध्यम से बेस अस्पताल अल्मोड़ा भेजा गया। बेस अस्पताल में तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई है।