द्वाराहाट के कौंला गांव में बैठक करती महिलाएं। जागरूक पाठक
संवाद न्यूज एजेंसी द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट क्षेत्र के कौंला, कालीखोली, तल्ला कौंला, मल्ला कौंला, मिशन कम्पाउंड और सेवानगर की महिलाओं ने लावारिस पशुओं से हो रही समस्याओं के समाधान के लिए बैठक का आयोजन किया। इस दौरान तय किया कि पशुओं से सुरक्षा और निगरानी के लिए दो लोगों को नियुक्त किया जाएगा।
बुधवार को आयोजित बैठक में महिलाओं ने गांवों में बढ़ती लावारिस पशुओं की समस्या पर चिंता जताते हुए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया। तय किया कि ग्राम पंचायत स्तर पर दो लोगों की नियुक्ति की जाएगी जिन्हें निश्चित मानदेय दिया जाएगा।
ये व्यक्ति क्षेत्र में पशुओं से सुरक्षा और निगरानी का कार्य करेंगे। इसके साथ क्षेत्र में घूम रहे लावारिस पशुओं को एकत्र कर जंगल भेजा जाएगा ताकि वे खेतों और बागवानी में नुकसान न पहुंचा सकें।
महिलाओं ने बताया कि रोजाना लावारिस पशु खेतों और सब्जियों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसान खेती छोड़ने के लिए मजबूर हो रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकाला तो ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि पूरी तरह से प्रभावित हो सकती है। सभी ने मिलकर इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
यहां नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान रजनी देवी, पूर्व प्रधान हेमा हर्बोला, बिमला देवी, कविता, भावना, गीता, अनिता, किरण, दीपा देवी सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।