अल्मोड़ा। लक्ष्मेश्वर बाईपास के खुटकुनी भैरव मंदिर के पास सड़क पर देर शाम चीड़ का पेड़ अचानक टूटकर गिर गया। इससे मार्ग पर करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा। इस दौरान वहां जाम लग गया। वाहन चालकों सहित लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को लक्ष्मेश्वर बाईपास के खुटकुनी भैरव मंदिर के पास एक बड़ा चीड़ पेड़ गिर गया। इससे मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया। पार्षद अमित साह और अभिषेक जोशी ने सूचना आपदा प्रबंधन विभाग को दी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम और नेशनल हाईवे विभाग की जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची। टीम ने पेड़ को सड़क से हटाया। उसके बाद यातायात पुनः सुचारु कर दिया। यहां फायर सर्विस टीम में किशन सिंह, गिरीश धारियाल, मुकेश सिंह, आकांक्षा डसीला, पूजा थापा, दीवान सिंह बिष्ट, अतुल पांडे, बंटी कोरंगा मौजूद रहे।