अल्मोड़ा। केंद्रीय ट्रेड यूनियन के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर के गांधी पार्क में प्रदर्शन किया। उन्होंने न्यूनतम वेतन, कर्मचारी का दर्जा और अन्य लंबित मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। जल्द समाधान की मांग उठाई।
गांधी पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आशा कार्यकर्ता सालों से शहर और गांवों में जाकर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो विभाग से उचित सम्मान मिलता है और न ही नियमित वेतन।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को न्यूनतम वेतन और स्थायी कर्मचारी का दर्जा, सेवानिवृत्त होने वाली आशाओं को मासिक पेंशन, कार्य के लिए विभिन्न मदों में मिलने वाली राशि हर महीने नियमित करने, प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन 500 रुपये का भुगतान, सभी सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति, आशा कार्यकर्ताओं के लिए अस्पताल में आवास की व्यवस्था आदि की मांग की। इस दौरान अध्यक्ष ममता तिवारी, दीपा ढैंला, पूजा बगड़वाल, जानकी देवी, बीना पाठक, भगवती बिष्ट, हेमा नगरकोटी, तारा चौहान, मुन्नी नेगी, ललिता देवी, हेमा देवी, बिमला देवी, चंपा देवी, कमला देवी, जानकी कांडपाल, सुनीता मेहरा, भागा लटवाल, आशा लटवाल आदि मौजूद रहीं।