सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। पर्यटन सीजन में सोमेश्वर क्षेत्र में स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। बुधवार को अल्मोड़ा-कौसानी हाईवे पर सोमेश्वर बाजार में आधे घंटा जाम रहा। यात्री और पर्यटक जाम में फंसे रहे।
सुबह के समय अल्मोड़ा-कौसानी हाईवे पर सोमेश्वर बाजार में जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस सड़क से होकर हर रोज सैकड़ों पर्यटक कौसानी, बागेश्वर, गरुड़, कपकोट, भराड़ी, गढ़वाल को पहुंचते हैं। जाम लगने से पर्यटकों को वाहनों में बैठकर इंतजार करना पड़ा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आधे घंटे बाद जाम खोला और पर्यटक अपने गंतव्य को रवाना हो सके। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने कहा कि सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। इससे जाम की स्थिति पैदा हुई। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयास हो रहे हैं। संवाद