अल्मोड़ा। तीन दिन के अवकाश के चलते नगर के विभिन्न बैंकों के एटीएम में नकदी खत्म हो गई। कैश निकालने के लिए लोग एक से दूसरे एटीएम में भटकते रहे। शनिवार को द्वितीय शनिवार, रविवार और सोमवार को आंबेडकर जयंती के अवकाश के चलते बैंक बंद रहे। तीन दिन लगातार अवकाश के चलते नगर में संचालित 18 बैंकों के एटीएम जवाब दे गए। अधिकांश बैंकों के एटीएम में नकदी खत्म हो गई थीं।
संवाद न्यूज एजेंसी ने विभिन्न बैंकों के एटीएम का दौरा किया। माल रोड स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में नकदी खत्म हो गई थी। इस दौरान एक व्यक्ति पैसे निकाल रहा था लेकिन पैसे नहीं निकले। इसी बैंक के समीप कुछ दूरी पर स्थित जिला सहकारी बैंक का एटीएम बंद मिला। जिला सहकारी बैंक के समीप ही एक निजी बैंक का एटीएम भी बंद रहा। यहां से कुछ दूरी पर स्थिति एक निजी बैंक के एटीएम में भी नकदी खत्म हो गई थी। माल रोड स्थित केनरा बैंक का एटीएम खुला तो था, लेकिन नकदी खत्म हो गई थी। नकदी के लिए लोग दिन भर भटकते रहे।
केस नंबर 01
नगर के पांडेखोला निवासी रमेश निवासी माल रोड स्थित एसबीआई के एटीएम में नकदी निकासी को पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि एटीएम से पैसे नहीं निकले। अन्य बैंकों में गया था लेकिन वहां भी नकदी नहीं मिली।
केस नंबर-02
लोधिया से अल्मोड़ा आए जीवन सिंह राणा ने बताया कि चार पाच बैंकों के एटीएमों के चक्कर काटने के बाद एसबीआई के एटीएम में पहुंचा हूं लेकिन यहां भी नकदी खत्म हो गई है। पैसे नहीं मिलने से वह शॉपिंग नहीं कर पा रहे हैं।
एटीएम में नकदी खत्म होने की जानकारी संज्ञान में नहीं है। इस संबंध में सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश जारी किए जाएंगे। लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।-अनिरुद्ध शाह, लीड बैंक अधिकारी अल्मोड़ा।