अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में डीएम के नाम से साइबर ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। मामला संज्ञान में आने पर डीएम ऑफिस के प्रशासनिक अधिकारी ईश्वर सिंह खलझुलिया की ओर से अल्मोड़ा कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ साइबर ठगी करने के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कोतवाली प्रभारी जगदीश देउपा के अनुसार जिलाधिकारी कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी ने तहरीर में बताया कि 21 जनवरी को सुबह करीब 11:15 बजे उनके मोबाइल पर डीएम अल्मोड़ा के नाम से व्हाटसएप मैसेज के माध्यम से केनरा बैंक के एक खाते का नंबर देते हुए उसमें 30,000 रुपये डालने की बात कही गई। उन्होंने यह मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया तो मामला फर्जी पाया गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।