द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट नगर के जल संस्थान की मुख्य पाइप लाइन फट गई जिससे पूर्वी मल्ली बाजार में पेयजल की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। यहां करीब 200 की आबादी की पेयजलापूर्ति बाधित हो गई है।
पेयजल लाइन त्रिमूर्ति चौराहे और मुख्य चौराहे पर फट गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले यह पेयजल लाइन फट गई थी जिससे काफी पानी लीकेज होने लगा और घरों में बेहद कम पानी पहुंच सका। इधर सड़क पर डामरीकरण हुआ तो पेयजलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। समस्या को लेकर नगर पंचायत सदस्य रेखा किरौला समेत प्रेमा अधिकारी, दीपा अधिकारी, प्रभा जोशी, भावना साह, प्रेमा साह, देवकी किरौला, रीतु फुलारा समेत कई महिलाओं ने जल संस्थान के अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन भेजा और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का निदान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
त्रिमूर्ति चौक पर एक और मुख्य चौराहे पर दो पुराने पाइप बदले जाने हैं। एक दो दिन में इन्हें बदल लिया जाएगा।
— पंकज थपलियाल, कनिष्ठ अभियंता, जल संस्थान द्वाराहाट