द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। ब्लॉक के ग्राम मैनोली के ग्रामीणों के आंदोलन से प्रशासन झुक गया है। शनिवार को प्रशासन की टीम आंदोलन स्थल पर पहुंची और आंदोलनकारियों को मनाया लेकिन ग्रामीण लिखित आश्वासन पर अड़ गए।
उन्हें लिखित आश्वासन दिया कि ‘’हर घर नल-हर घर जल’’ योजना के तहत गांव में आगामी 16 मई तक पानी उपलब्ध करा दिया जाएगा। इसके बाद आंदोलन समाप्त हो गया।
बता दें कि मैनोली के ग्रामीण जन मिलन केंद्र में पांच दिन से क्रमिक अनशन और धरना करते आ रहे हैं। ग्रामीण पेयजल लाइनों को पेयजल टैंक से जोड़कर पेयजलापूर्ति करने की मांग के लिए आंदोलन कर रहे हैं। शनिवार को तहसीलदार तीतिक्षा जोशी के नेतृत्व में प्रशासन की टीम आंदोलन स्थल पर पहुंची।
ग्रामीणों ने कहा कि जब तक लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन पर अडिग रहेंगे।
इस बीच लिखित आश्वासन के साथ ही मैनोली में ‘’हर घर नल-हर घर जल’’ योजना के तहत काम शुरू कर दिया। ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आगामी 16 मई तक ग्रामीणों को पानी मिल जाएगा।
इसके बाद ग्रामीण मान गए लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि नियत तिथि पर पेयजल उपलब्ध नहीं हुआ तो फिर वे 17 मई से द्वाराहाट तहसील में आंदोलन शुरू कर देंगे। इसके बाद आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इसके बाद ब्लॉक प्रशासक दीपक किरौला ने आंदोलनकारियों को जूस पिलाकर क्रमिक अनशन तुड़वाया।
शनिवार को पांचवें रोज क्रमिक अनशन और धरने में ओम प्रकाश उपाध्याय, शंभू दत्त उपाध्याय, नवीन चंद्र उपाध्याय, दयाल चंद्र उपाध्याय, प्रकाश चंद्र उपाध्याय, लीलाधर उपाध्याय, गोपाल दत्त उपाध्याय, बाला दत उपाध्याय, खीमानंद मैनाली, नवीन चंद्र मैनाली बैठे।
वार्ता में प्रशासन की ओर से तहसीलदार तीतिक्षा जोशी के साथ जल संस्थान के एई प्रदीप कन्याल, जेई एसएस रौतेला पहुंचे।