द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। जिले के प्रमुख दुग्ध उत्पादक क्षेेत्र दूनागिरि से पशुधन प्रसार अधिकारी को अन्यत्र संबद्ध कर दिया है। इससे क्षेत्र के दुग्ध उत्पादक भड़क उठे हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को दुधोली में सांकेतिक प्रदर्शन कर बैठक की और पशु चिकित्सा केंद्र द्वाराहाट में तालाबंदी और आंदोलन की धमकी दी है।
पहले पशु सेवा केंद्र दूनागिरि में पशुधन प्रसार अधिकारी का पद रिक्त चल रहा था। इसे भरने की मांग को लेकर क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों ने बड़ा आंदोलन किया था। तब इस पद पर तैनाती हो सकी। अब बिना प्रतिस्थानी के ही करीब छह माह बाद उन्हें कफड़ा संबद्ध कर दिया है। अपर निदेशक डॉ. रमेश सिंह नितवाल ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी के 29 अप्रैल 2025 के पत्र के आधार पर उसी दिन पशु सेवा केंद्र दूनागिरि में तैनात पशुधन प्रसार अधिकारी मनोज कुमार सिरोही को पशु सेवा केंद्र कफड़ा में संबद्ध करने के आदेश दिए। इससे दूनागिरि क्षेत्र के पशुपालकों में गुस्सा है। मामले को लेकर ग्रामीण बृहस्पतिवार को दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति दुधोली में एकत्र हुए जहां उन्होंने आक्रोेश व्यक्त करते हुए बैठक की। दो टूक चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर दूनागिरि में पशुधन प्रसार अधिकारी की नियुक्ति नहीं हुई तो पशु चिकित्सा केंद्र द्वाराहाट में तालाबंदी कर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में जिले के प्रथम दुग्ध उत्पादक क्षेेेत्र दूनागिरि में पशुधन प्रसार अधिकारी की तैनाती नहीं थी। इस पर नियुक्ति के लिए ग्रामीणों ने बड़ा आंदोलन किया। इसके बाद यहां पशुधन प्रसार अधिकारी की तैनाती हो सकी। अब करीब छह माह बाद ही उन्हें अन्यत्र संबद्ध कर दिया है। इससे स्पष्ट हो गया है कि विभाग जनता के प्रति कितना प्रतिबद्ध है। क्षेत्र में चल रही चर्चाओं में इस मामले को पशुपालन व दुग्ध विकास मंत्री के द्वाराहाट दौरे से भी जोड़ा जा रहा है। मंत्री बीती 28 अप्रैल को यहां पहुंचे थे। इसके बाद पशुधन प्रसार अधिकारी को बिना देर किए हटा दिया गया। बैठक में विकास संगठन अध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, नीमा देवी, तुलसी देवी, चंपा देवी, दुर्गा देवी, नरुली देवी, कमला देवी, शेर सिंह आदि कई दुग्ध उत्पादक मौजूद थे।