द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पुष्कर सिंह धामी सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शीतलापुष्कर मैदान द्वाराहाट में ब्लॉक स्तरीय बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया। इस दौरान 22 शिकायतें दर्ज हुईं और 50 प्रमाणपत्र बांटे गए। समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगों को सहायक उपकरण बांटे और स्वयं सहायता समूहों को चेक बांटे।
शिविर में आई कुछ शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ तो कुछ को संबंधित विभागों को भेज दिया। राज्य आंदोलकारी बिपिन पंत ने वर्ष 2004 में स्वीकृत आठ किमी बयेला-नाड सड़क का निर्माण पूर्ण नहीं होने और पूर्व प्रधान लाल सिंह बिष्ट ने नट्टागुल्ली में पेयजल संकट का मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। विभागों ने स्टॉलों के माध्यम से विभागीय जानकारियां दीं।
इससे पहले शिविर का शुभारंभ पलायन आयोग सदस्य अनिल शाही, नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता आर्या, ब्लॉक प्रमुख दीपक किरौला और एसडीएम सुनील कुमार राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी रखा। कई स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस मौके पर तहसीलदार तितिक्षा जोशी, सांसद प्रतिनिधि मदन सिंह कैड़ा, विधायक प्रतिनिधि नारायण सिंह रावत, घनश्याम भट्ट, विनोद भट्ट, विजय बजेठा, मदन मोहन पांडेय आदि मौजूद रहे।