रानीखेत (अल्मोड़ा)। बिनसर महादेव मंदिर क्षेत्र में शराब की नई दुकानों के खिलाफ चल रहा आंदोलन तेज होता जा रहा है। बिनसर के सोनी डांट पर क्रमिक अनशन का बृहस्पतिवार को नौवां दिन है। यहां सोनी, देवलीखेत और जालीखान में शराब की दुकानें खोलने के प्रयासों का विरोध किया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को आंदोलन को समर्थन देने के लिए वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी आनंद सिंह बिष्ट आंदोलन स्थल पर पहुंचे और उन्होंने आंदोलन को समर्थन दिया।
कृषक कृषि बागवानी और उद्यमी संगठन के महासचिव दीपक करगेती, हिमांशु आर्या, उमेश मासीवाल और विपिन उपाध्याय सहित कई लोग ये आंदोलन चला रहे हैं। स्वतंत्रता सेनानी बिष्ट ने कहा कि वह हमेशा से ग्रामीण इलाकों में शराब की दुकानों के खिलाफ रहे हैं और सरकार का यह फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है।
निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य शोभा रौतेला ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि शराब की दुकानें नहीं हटाई गईं तो विरोध तेज होगा।
महासचिव दीपक करगेती ने आबकारी विभाग से सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारियों का खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि सरकार विवादित अधिकारियों को संरक्षण दे रही है और वे ग्रामीण इलाकों में शराब की दुकानें खोलने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि इन दुकानों को निरस्त किया जाए अन्यथा उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान हेमंत रौतेला, चेतन बिष्ट, तरुण उपाध्याय, अमित उपाध्याय आदि मौजूद रहे।