रानीखेत (अल्मोड़ा)। एनसीसी मैदान में विगत दिनों आयोजित व्यापारिक मेला और प्रदर्शनी को लेकर हुए विवाद पर छावनी परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित नियमों के उल्लंघन पर मेला संचालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। जिसके तहत जुर्माना लगाने के साथ ही उसे ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।
छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी कुणाल रोहिला ने बताया कि मेला संचालक रामचंद्र भट्ट को 25 फरवरी से 12 मार्च तक कुल 16 दिनों के लिए मेले के आयोजन की अनुमति दी गई थी।
व्यापारियों के विरोध को देखते हुए परिषद ने मेले की अवधि घटाकर आठ दिन कर दी। साथ ही मेले में प्लास्टिक सामग्री, रेडीमेड गारमेंट्स और बर्तनों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद मेले में कुछ दुकानों पर प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री होना पाया गया।
छावनी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इन दुकानों को बंद कराया था, लेकिन मेला संचालक ने नियमों की अनदेखी जारी रखी। इस पर परिषद ने सख्त कदम उठाते हुए जुर्माना लगाने और संचालक को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।