अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्वारब में सुरक्षा दीवार और एंकरिंग कार्य में भारी अनियमितता की शिकायत मिलने पर एनएच हल्द्वानी सर्किल के अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही और मानकों की अनदेखी सामने आई। इस पर कार्यदायी संस्था के निदेशक को तत्काल प्रभाव से निर्माण स्थल पर बैन कर दिया गया।
स्थानीय लोगों की शिकायत कि थी कि सुयाल नदी के पास बिना मजबूत नींव के सीधे बोल्डरों पर जाल बांध दिया गया। इससे सुरक्षा दीवार की मजबूती पर सवाल खड़े हुए। अधीक्षण अभियंता ने कार्य की गुणवत्ता की जांच की और संबंधित फर्म को दोषी मानते हुए निदेशक को साइट से हटा दिया। एनएच रानीखेत के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि खराब नींव को हटाकर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निदेशक को भी पत्र भेजा गया है। उन्होंने लोगों से रात में सड़क पर आवाजाही नहीं करने की अपील की है। लापरवाही बरते वाले कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई होने से लोगाें को उम्मीद है कि अब निर्माण कार्य मानकों के मुताबिक होगा और जल्द क्वारब की समस्या से उन्हें मुक्ति मिलेगी।