अल्मोड़ा। सर्किट हाउस जलाशय को जलापूर्ति करने वाली पेयजल लाइन के क्षतिग्रस्त होने से शुक्रवार को जलाशय से जुड़े क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकेगी।
इससे मुख्य बाजार, जोशी खोला, दुगालखोला, खत्याड़ी, इंद्रा कॉलोनी आदि क्षेत्रों में जल आपूर्ति ठप रहेगी। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता अर्जुन नेगी ने बताया कि मटेला पंप हाउस से सर्किट हाउस जलाशय को आपूर्ति करने वाली पेयजल लाइन विकास भवन के समीप क्षतिग्रस्त हो गई है। पेयजल लाइन को दुरुस्त करने के लिए इसमें वेल्डिंग कार्य किया जाएगा। इससे शुक्रवार को जलाशय से जुड़े क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं होगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से पानी स्टोर कर रखने और जल का संयमित उपयोग करने की अपील की है। आपूर्ति बाधित होने से लोगों को बढ़ती गर्मी के बीच पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।